महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने आदित्य ठाकरे की आवाज़ का मज़ाक उड़ाया है और कहा है कि आदित्य ठाकरे बुर्के में छिपकर भारत-पाकिस्तान मैच देखेंगे।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, "आदित्य ठाकरे कल भारत-पाकिस्तान मैच बुर्के में छिपकर देखेंगे। उनकी आवाज़ भी ऐसी है कि इससे फ़ायदा होगा। वह पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे भी लगाएँगे।"
नितेश राणे ने आदित्य ठाकरे की आवाज़ की नकल भी की
विवादित बयान देते हुए नितेश राणे ने आदित्य ठाकरे की आवाज़ की नकल भी की और उन पर महिलाओं जैसी आवाज़ होने का तंज कसा। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नितेश राणे आदित्य ठाकरे का मज़ाक उड़ाते नज़र आ रहे हैं।
नितेश राणे पहले भी देते रहे हैं विवादित बयान
नितेश राणे पहले भी विवादित बयान देते रहे हैं और इसी वजह से वह सुर्खियों में बने रहते हैं। इससे पहले, हिंदी भाषा पर उठे विवाद के दौरान भी राणे ने बयान दिया था। उन्होंने कहा था, 'अगर उद्धव बीएमसी चुनाव जीत गए, तो मुंबई का मेयर अब्दुल या शेख बन जाएगा, तब क्या मुंबई के हिंदू सुरक्षित रहेंगे?'
नितेश राणे ने कहा था, 'अगर स्कूल बंद करने हैं, तो मदरसे बंद कर दीजिए। वहाँ आतंकवाद सिखाया जाता है, तलवारें मिली हैं। वहाँ मराठी कौन पढ़ता है? अगर कान के नीचे बजाना है, तो मीरा रोड के (मुस्लिम बहुल) नया नगर में बजाइए। सभा वहीं होनी चाहिए थी, मराठी अनिवार्य क्यों नहीं है? वहाँ शरिया कानून का पालन होता है। अगर उद्धव जीत गए, तो मुंबई का मेयर अब्दुल या शेख बन जाएगा, तब क्या मुंबई के हिंदू सुरक्षित रहेंगे? जिहादी देश को इस्लामी राष्ट्र बनाना चाहते हैं।'
नितेश राणे ने दुकानदार की पिटाई करने वालों को चुनौती दी थी कि वे गोल टोपी वालों से मराठी बोलवाएँ। नितेश राणे ने कहा था कि मराठी न बोलने पर गरीब हिंदुओं को पीटा जा रहा है, लेकिन दाढ़ी और गोल टोपी वालों को कोई कुछ नहीं कहता। उन्होंने शिवसेना यूबीटी और मनसे कार्यकर्ताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे नल बाजार और मोहम्मद अली रोड पर लोगों से मराठी बोलवाएं।