संभल में बसपा के एक मुस्लिम नेता को 20 साल बाद अपनी विवादित ज़मीन पर कब्ज़ा मिल गया। इसके बाद बसपा नेता ने सीएम योगी की तारीफ़ की।
यूपी के संभल में बसपा के एक मुस्लिम नेता को 20 साल बाद न्याय मिला। संभल और असमोली विधानसभा सीटों से बसपा प्रत्याशी रहे रफ़त उल्लाह उर्फ नेता छिद्दा को 20 साल बाद ज़मीन पर कब्ज़ा मिल गया। बसपा नेता ने मामले की शिकायत शासन से की थी। यूपी के डीजीपी के आदेश के बाद संभल प्रशासन हरकत में आया। तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुँचकर पैमाइश की। प्रशासन ने बसपा नेता को लगभग 2200 गज ज़मीन पर कब्ज़ा दिलाया। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के गवां मार्ग स्थित मल्ली सराय का है।
बसपा नेता ने सीएम योगी की तारीफ़ की
इस मौके पर बसपा नेता रफ़त उल्लाह उर्फ नेता छिद्दा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अच्छा काम कर रही है। हमें योगी सरकार से न्याय मिला है। रफ़त उल्लाह ने कहा कि हमारी ज़मीन को लेकर 20 साल से विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में भी था। इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई। प्रशासन ने नाप-जोख करके हमें हमारी ज़मीन दिला दी। रफ़त उल्लाह ने कहा कि योगी सरकार अच्छा काम कर रही है।
तीन बीघा सरकारी ज़मीन मुक्त कराई
इससे पहले, हाल ही में, संभल ज़िला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक इकबाल महमूद द्वारा कथित तौर पर अतिक्रमण की गई साढ़े तीन बीघा सरकारी ज़मीन को मुक्त कराया था। उप-ज़िला मजिस्ट्रेट विकास चंद्र ने बताया कि संभल तहसील में उक्त ज़मीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए एक टीम मंडलई पहुँची थी। उन्होंने बताया कि संज्ञान में आया है कि गाटा संख्या (खसरा संख्या) 198 और 222 के बीच इकबाल महमूद, फैज़ इकबाल, मोहम्मद ज़ैद, मोहम्मद जुनैद, मोहम्मद असलम, शान इकबाल और सुहैल इकबाल के नाम पर चार सरकारी गाटे दर्ज थे, जिन्हें ख़त्म कर दिया गया था और उनका इस्तेमाल बगीचे के रूप में किया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि यह अतिक्रमण काफी समय पहले किया गया था और करीब साढ़े तीन बीघा क्षेत्र पर अतिक्रमण किया गया था।