गरियाबंद में 10 नक्सलियों के मारे जाने पर बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, 'नक्सलियों की झूठी विचारधारा दम तोड़ रही है'
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें एक करोड़ रुपये का इनामी केंद्रीय समिति सदस्य मोडेम बालकृष्ण उर्फ मनोज भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक कार्रवाई के लिए सुरक्षा बलों को बधाई दी है। वहीं, नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण का रास्ता चुना है। जनता सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया उप कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष समेत कुल 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पूरी घटना पर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि नक्सलियों की झूठी विचारधारा अब दम तोड़ रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये घटनाएं इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि नक्सलियों की झूठी विचारधारा अब दम तोड़ रही है। छत्तीसगढ़ में विश्वास, विकास और शांति का एक नया सवेरा उग रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में, हमारा विश्वास है कि मार्च 2026 तक 'नक्सल मुक्त भारत' का संकल्प साकार हो जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने जवानों को बधाई दी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद और नारायणपुर ज़िलों में नक्सल मोर्चे पर मिली बड़ी सफलता पर सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी के जवानों को बधाई दी है। गरियाबंद ज़िले में हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें केंद्रीय समिति का सदस्य और ₹1 करोड़ का इनामी मो. बालकृष्ण उर्फ मनोज भी शामिल है। नक्सल उन्मूलन अभियान में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
अमित शाह ने क्या कहा?
गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा - "हमारे सुरक्षा बलों ने आज नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी ने संयुक्त अभियान चलाकर ₹1 करोड़ के इनामी सीसीएम मॉडम बालकृष्ण उर्फ मनोज समेत 10 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया। बचे हुए नक्सली भी समय रहते आत्मसमर्पण कर दें। आगामी 31 मार्च से पहले लाल आतंक का समूल नाश निश्चित है।"