पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर अभिनीत फिल्म 'अबीर गुलाल' की रिलीज़ को लेकर कई तरह की फर्जी खबरें और भ्रामक दावे किए जा रहे हैं।
डिजिटल मीडिया के युग में, तरह-तरह की भ्रामक और फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फर्जी खबरों की बाढ़ सी आ गई है। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ऐसी ही फर्जी और भ्रामक खबरों की पड़ताल करती है।
क्या हो रहा है वायरल?
फिल्म 'अबीर गुलाल' बॉलीवुड और पाकिस्तानी सिनेमा के प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म 'अबीर गुलाल' भारत में 26 सितंबर को रिलीज़ होगी। इस फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर ने अभिनय किया है।
पीआईबी ने इन दावों को पूरी तरह से फर्जी बताया
भारत सरकार की संस्था प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने इन दावों को साफ तौर पर फर्जी बताया है। उसने इस संबंध में एक फैक्ट चेक भी किया है। पीआईबी के अनुसार, पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और भारतीय अभिनेत्री वाणी कपूर अभिनीत फिल्म 'अबीर गुलाल' को भारत में रिलीज़ करने की अनुमति नहीं मिली है।
अबीर गुलाल एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है
बता दें कि फिल्म 'अबीर गुलाल' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसका निर्देशन आरती एस. बागड़ी ने किया है। फिल्म के निर्माता विवेक अग्रवाल, अवंतिका हरि और राकेश सिप्पी हैं। पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और वाणी कपूर के अलावा, रिद्धि डोगरा, लिसा हेडन, फरीदा जलाल, सोनी राजदान और परमीत सेठी जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
पहले 9 मई को रिलीज़ होने वाली थी
यह फिल्म पहले 9 मई 2025 को रिलीज़ होने वाली थी। हालाँकि, 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद, पूरे देश में पाकिस्तानी कलाकारों के बहिष्कार की मांग तेज हो गई। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की और फिल्म की रिलीज़ रोक दी गई। इसके अलावा, वाणी कपूर की मौजूदगी के चलते पाकिस्तान ने भी फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया था।
फिल्म को भारत में रिलीज़ की मंज़ूरी नहीं मिली थी।
वहीं, एक बार फिर इस फिल्म की भारत में रिलीज़ को लेकर दावे किए जा रहे हैं। इस पर पीआईबी ने फैक्ट चेक के बाद सोशल मीडिया पर ऐसी भ्रामक खबरें शेयर करने वालों को चेतावनी दी है। साथ ही, पीआईबी ने कहा कि यह दावा फ़र्ज़ी है। भारत में इस फिल्म को रिलीज़ करने की ऐसी कोई मंज़ूरी नहीं दी गई है।