तेजस्वी यादव के 243 सीटों पर चुनाव लड़ने के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह चाहे जितनी भी सीटों पर चुनाव लड़ें, एनडीए को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने स्वामी रामभद्राचार्य के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को संस्कृति, शास्त्र और शस्त्र के साथ जागना होगा। उन्होंने ममता बनर्जी की तुलना सोहराब वर्दी से की। इसके साथ ही, सीमांचल में पीएफआई आतंकी की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि मुस्लिम आतंकवाद बदले हुए रूप में काम कर रहा है, लेकिन वे बच नहीं पाएंगे। वहीं, तेजस्वी यादव के 243 सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि कोई भी कितनी भी सीटों पर चुनाव लड़े, एनडीए को कोई फर्क नहीं पड़ता। एनडीए एकजुट है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
हिंदुओं को जागना होगा
गिरिराज सिंह ने कहा कि स्वामी रामभद्राचार्य महाराज हिंदू धर्म के महान धर्मगुरु हैं। उन्होंने बिहार के पुनौरा धाम में सीता की जन्मस्थली होने का दावा किया था, उनकी बातों को दुनिया ने स्वीकार किया। अगर वो ऐसा कह रहे हैं, तो सही कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के हिंदुओं को अब जागना होगा, अपनी संस्कृति के साथ जागना होगा। शास्त्र और शस्त्र के साथ जागना होगा और हिंदू एकता बनाए रखनी होगी। क्योंकि हमने द बंगाल फाइल्स देखी। द बंगाल फाइल्स देखने के बाद हमें लगा कि सोहराब वर्दी ने हिंदुओं का नरसंहार किया था, आज भी सोहराब वर्दी की जगह ममता बनर्जी हैं। मुर्शिदाबाद में हिंदुओं का नरसंहार हुआ, इसलिए हिंदुओं को अब जागना होगा और एकजुट रहना होगा, रामभद्राचार्य जी का यह संदेश सही है।
गज़वा-ए-हिंद का सपना पूरा नहीं होगा
सीमांचल में एक पीएफआई आतंकवादी की गिरफ्तारी पर गिरिराज सिंह ने कहा कि ग़ज़वा-ए-हिंद के सपने को पूरा करने के लिए मुस्लिम आतंकवाद ने पहले सिमी का नाम लिया, फिर सिमी बंद हुआ, फिर पीएफआई आया, फिर वो बंद हुआ, लेकिन अब भी वे जगह-जगह पकड़े जाते हैं, चाहे किशनगंज में हो या देश में कहीं और, वे अपना रूप बदल सकते हैं लेकिन याद रखना, वे बच नहीं पाएंगे। इसके अलावा गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव के 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव 243 सीटों पर चुनाव लड़ें, कांग्रेस 500 सीटों पर चुनाव लड़े, एनडीए का इससे कोई लेना-देना नहीं है. एनडीए की सरकार बनेगी, एनडीए 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगी और चट्टान की तरह एकजुट होकर लड़ेगी.