जेडीयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह पूरी तरह से मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। बीजेपी ने भी आरजेडी नेता को घेरा।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के एक-दूसरे पर जुबानी हमले बढ़ गए हैं। आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने रविवार (14 सितंबर) को बक्सर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में क्या कहें, वह ब्रेन डेड सीएम हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी को भी असफल पीएम बताया। इस पर बीजेपी और जेडीयू ने पलटवार किया है।
आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह के बयान पर बिहार की सियासत गरमा गई है। बीजेपी और जेडीयू ने सुधाकर सिंह पर हमला बोलते हुए कहा है कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। वहीं, महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने भी आरजेडी सांसद के बयान से असहमति जताई। कांग्रेस ने कहा कि ये शब्द कहना ठीक नहीं है।
नीतीश कुमार का काम पूरी जनता देख रही है-जेडीयू
सुधाकर सिंह के बयान को लेकर जेडीयू काफी नाराज है। जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा, "सुधाकर सिंह पूरी तरह से मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं। अपने छोटे भाई के उपचुनाव हारने के बाद वे और भी ज़्यादा परेशान हैं। उनके लिए यही अच्छा होगा कि वे अपने परिवार का ध्यान रखें और अपने पिता जगदानंद जी का सम्मान बनाए रखें। पूरी जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम को देख रही है और जनता ने 2025 में उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है।"
सुधाकर सिंह मानसिक संतुलन खो बैठे हैं - भाजपा
वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा, "सुधाकर सिंह मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। बिहार की जनता को विकास का स्वाद चखाने वाले और बिहार के विश्वकर्मा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ब्रेन डेड कहा जा रहा है। जिस व्यक्ति को पूरा देश अपना नेता मानता है और जिसके विकास के विजन को पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है, उसे एक असफल प्रधानमंत्री कहा जा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "जिस पार्टी में सुधाकर सिंह हैं, उस पार्टी के 15 साल के शासन को याद रखना चाहिए। उस पार्टी के सभी नेता भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं।" इसीलिए बिहार की जनता सुधाकर सिंह के बयान को पचा नहीं पा रही है और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी।''
नीतीश कुमार को ब्रेन डेड कहना ठीक नहीं - कांग्रेस
दूसरी ओर, कांग्रेस प्रवक्ता आशीष नाथ तिवारी ने कहा, ''मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ब्रेन डेड कहना ठीक नहीं है। हाँ, यह सही है कि मुख्यमंत्री मानसिक रूप से बीमार हैं, लेकिन मृत शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। जहाँ तक असफल प्रधानमंत्री की बात है, उन्होंने बिल्कुल सही कहा है। वह पूरी तरह से असफल प्रधानमंत्री हैं। वह ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो अफ़वाहें फैलाकर देश का माहौल खराब करते हैं और देश में अशांति फैलाते हैं।
'सुधाकर सिंह का मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है'
लोजपा (रामविलास) प्रवक्ता विनीत सिंह ने भी कहा कि सुधाकर सिंह का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने कहा, ''मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 सालों में बिहार को पूरी तरह से बदल दिया है। आज भी वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और बिहार का विकास कर रहे हैं। पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना नेता मान रही है और ये लोग उन्हें असफल प्रधानमंत्री कह रहे हैं।'' उन्हें पहले अपनी पार्टी के अंदर झाँककर देखना चाहिए कि हालात क्या हैं।''
सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार के बारे में क्या कहा?
बता दें कि रविवार (14 सितंबर) को बक्सर में एक कार्यक्रम के दौरान राजद सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा था, ''नीतीश कुमार ब्रेन डेड मुख्यमंत्री हैं, हम उन्हें क्यों मारें? प्रकृति ने ही उन्हें मार डाला है। अब वे पूरे बिहार में पुतले के रूप में घूम रहे हैं, इसीलिए उनके मंत्री जहाँ भी जाते हैं, उन पर लाठियाँ बरसाई जा रही हैं या उन्हें भगाया जा रहा है। अब कोई इज्जत नहीं बची है, ये बेशर्म लोग हैं। हम लोगों से इस्तीफ़ा देने की उम्मीद नहीं करते, इन लोगों को जनता खुद भगा देगी।''
सुधाकर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में क्या कहा?
सुधाकर सिंह ने पीएम मोदी को लेकर कहा था, "देश ही नहीं बल्कि दुनिया में अगर सबसे बड़े गाली देने वाले व्यक्ति का नाम है तो वो नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने महिलाओं को लेकर जर्सी गाय, 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड, गाय का बछड़ा जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. ऐसा व्यक्ति आपने भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के किसी और देश में नहीं देखा होगा. वो गाली देने में माहिर हैं, इस बार वो प्रतियोगिता में थोड़ा पीछे चल रहे हैं. मुझे नहीं पता कौन गाली दे रहा है, लेकिन देश की आम जनता उन्हें गाली दे रही है. अब वो अकेले अकेले इंसान बचे हैं."