दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता से जुड़े एक कथित आपत्तिजनक AI-जनरेटेड (डीपफेक) वीडियो के मामले में बिहार कांग्रेस के खिलाफ अपनी जांच तेज कर दी है। रविवार को दिल्ली पुलिस की एक टीम पटना में कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम पहुंची और लगभग एक घंटे तक जांच-पड़ताल की।
इस दौरान पुलिस ने कार्यालय परिसर में एक नोटिस भी चस्पा किया।
**@INCBihar हैंडल से पोस्ट किया गया वीडियो**
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, @INCBihar से पोस्ट किया गया था। इस मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने अमित कुमार मंडल को समन जारी किया है। मंडल बिहार कांग्रेस के सोशल मीडिया और ट्विटर (X) ऑपरेशंस से जुड़े हैं। उन्हें 5 नवंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे दिल्ली स्थित पुलिस कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने उनसे वह सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी साथ लाने को कहा है, जिसका इस्तेमाल 1 जुलाई 2025 से कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल (@INCBihar) को चलाने के लिए किया गया है।
**डिजिटल साक्ष्यों की जांच**
दिल्ली पुलिस फिलहाल उस मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि वीडियो किन परिस्थितियों में पोस्ट किया गया था और इससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करना है।
**10 सितंबर 2025 को जारी किया गया वीडियो**
10 सितंबर 2025 को शाम 6:12 बजे, X (ट्विटर) पर कांग्रेस (INC बिहार) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक AI-जनरेटेड, फर्जी वीडियो पोस्ट किया गया था। इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत माता को गलत और अनुचित तरीके से दिखाया गया था। भाजपा का कहना है कि यह वीडियो न केवल प्रधानमंत्री की छवि खराब करने के लिए बनाया गया था, बल्कि यह महिलाओं और मातृत्व के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला भी है।
दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया
भाजपा नेता संकेत गुप्ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(2), 336(3)(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) के तहत दर्ज किया गया है। इसके साथ ही, इसमें IT एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के संबंधित प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के सामने आने के बाद, कई लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। BJP ने इसकी निंदा की है और वीडियो को लेकर सीधे राहुल गांधी पर निशाना साधा है। BJP का आरोप है कि राहुल गांधी के इशारे पर PM मोदी की मां का अपमान किया जा रहा है।