श्री पटवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए वह स्वयं और पार्टी के वरिष्ठ नेतागण कमलनाथ, दिग्विजयसिंह सहित अन्य सभी वरिष्ठ नेता पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित हो, इसके लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं के घर पर ही विश्राम किया जायेगा।श्री पटवारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजे भी यह बताते हैं कि हमें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, 100 से अधिक विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस का वोट प्रतिशत भाजपा से 1 से 2 प्रतिशत ही कम रहा है। अभी भी प्रदेश की जनता हमारे साथ हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में जनता हमारा साथ देगी, चुनाव में हमें अच्छे परिणाम मिलेंगे।
श्री पटवारी ने राहुल गांधी द्वारा देश भर में निकाली जा रही न्याय यात्रा को लेकर कहा कि यह यात्रा मप्र में 9 जिलों से होकर गुजरेगी, यात्रा में हर कांग्रेसजन को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना है। यात्रा को प्रभावी और सफल बनाने के लिए विधानसभा स्तर पर तैयारियां करें।
श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वादे किये थे, कांग्रेसजन भाजपा का घोषणा पत्र लेकर चले और भाजपा जिन वादों पर चुनाव जीती है, उन वादों को भाजपा को पूरा कराने के लिए विवश करें। यदि भाजपा अपने घोषणा पत्र के वादे को पूरा नहीं करती है तो हम सभी मिलकर लाड़ली बहनों को 3000 रू. किसानों को धान का 3100 रू. दिलाने के लिए, 450 रू. का सिलेण्डर दिलाने के लिए प्रदेश में ब्लाक, जिला और प्रदेश स्तर पर धरना-प्रदर्शन, आंदोलन करेंगे।
श्री पटवारी ने कांग्रेसजनों से कहा कि कांग्रेस के 138 साल पूरे होने पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा की जा रही फंडिग के लिए जारी निर्देश का पालन करने हेतु कहा।बठक में आमंत्रित कांग्रेस के हारे हुये प्रत्याशियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी को अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र में हार के कारणों को सांझा किया और लिखित रिपोर्ट सौंपी। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के हारे हुये प्रत्याशी उपस्थित थे।बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पी.सी. शर्मा, विजयलक्ष्मी साधो, एन.पी. प्रजापति, दीपक जोशी, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह मंचासीन थे। बैठक का संचालन प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने किया।