:: महापौर भार्गव ने निगम मुख्यालय परिसर में किया ध्वजारोहण ::
इन्दौर । नगर निगम के मुख्यालय परिसर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्र गान का गायन किया गया। इस अवसर पर महापौर भार्गव ने उत्कृष्ठ कार्य करने वाले निगम अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महापौर परिषद् के सदस्य, पार्षद, आयुक्त, समस्त अपर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। महापौर भार्गव ने अपने उद्बोधन में कहा कि इन्दौर के लिए डबल खुशी का अवसर है, जहां एक ओर भगवान श्रीराम अपने धाम में विराजमान हो गए हैं, वहीं इन्दौर ने इतिहास रचते हुए सातवीं बार देश में स्वच्छता में अपना परचम फहराया है। इस उपलब्धि के लिए उन्होने जनप्रतिनिधियों के साथ ही निगम के अधिकारी-कर्मचारियों और विशेषकर सफाई मित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत बनाने में इन्दौर भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। उसी प्रकार हमारे नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इन्दौर विकास के नए मॉडल पर उनके विज़न में आगे बढ़ रहा है।
बहुत कम समय में इन्दौर में उनके नेतृत्व में हुकुमचंद मिल जैसी वर्षों से लंबित समस्या का निराकरण करने का काम किया है, जो आने वाले समय में इन्दौर को आर्थिक रूप से भी मजबूत करेगा। भार्गव ने कहा कि नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जब मेयर बने तब से जन भागीदारी के इस मॉडल ने पूरे देश को अलग संदेश देने का काम किया था, हम स्वच्छता का सातवां आसमान छू चुके है, लेकिन अब इन्दौर रुकने वालों में से नहीं है। इन्दौर अब नवाचार व जन भागीदारी के नए उदाहरण प्रस्तुत करेगा। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप अब इन्दौर क्लीन सिटी व ग्रीन सिटी के साथ ही सोलर सिटी भी बनेगी। उन्होने कहा कि हमारी सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक की है, लेकिन उसमें भी इन्दौर को नंबर वन बनाने के लिए कई कठोर कदम हम लगातार उठा रहे हैं, जो आगे भी जारी रहेंगे।
यह काम भी जनभागीदारी से ही संभव होगा। महापौर ने कहा कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को विनियमित करने की जो घोषणाऍं पिछले वर्षों में हुई, अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली हमारी प्रदेश सरकार इस घोषणा पर अमल करने जा रही है, इससे शीघ्र ही नगर निगम के शेष रहे सभी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। महापौर भार्गव ने कहा कि हम नगर निगम को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने का रोड़ मैप तैयार कर चुके है। लीज़ की भूमि फ्री होल्ड करने, लीज़ नवीनीकरण करने जैसे लंबे समय से रूके काम भी इस साल से शुरू करेंगे। उन्होने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि हम सब मिलकर इस वर्ष में ऐसे कई और नवाचार करेंगे, इसके लिए आप सभी के सहयोग की अपेक्षा रहेगी।
ये भी जानिए...................
:: उत्कृष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान ::
नगर निगम में गत वर्ष उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसमें लालताप्रसाद कैथवास, भुपेन्द्र सिसोदिया, अखिलेश धारहना, ब्रजलाल विश्नार, सतीश भट्ट, नर्मदा जोशी, राजेन्द्र राठौर, गौरव बंछोडिया, रमेश सोमाजी, कमल रामचन्द्र शर्मा, योगेश मेहना, रोहित भेरूलाल, महेन्द्र डाबी, देवेन्द्रसिंह तंवर, रोहित झनके, प्रकाश मेहता, महेश गरोठिया, नवनाथ भंवरव, शबनम खान, जितेन्द्र उपाध्याय, राजेश कुशवाह, प्रवीणसिंह सिसोदिया, सुभाष चौहान, मोहन कुमार, वीरेन्द्र दशोदिया, मोनिका तलावले, डैनी हनुनिया, अंजली तिवारी, रामेश्वर नायक, महेश आर्य, देवेन्द्र यादव, कपिल दुबे, दीप्ति रावत, प्रभा भास्कर, विकास शर्मा, कुलदीप वर्मा, सौरभ साहू, मनीष वर्मा, शीला गोपाल लोट, रविन्द्र बागडे, ओमप्रकाश, राकेश मदनलाल, आरती तंबोली, अभिषेक रानीवाल, शुभम पटेल, ज्योति विनवोद, समता शर्मा, रामजीवन हार्डिया, रूपेश मकासरे, रचित सलारकर, विनय बागोरा, अशोक सोलंकी, पुष्पराज कुशवाह, शिवराजसिंह यादव, हंसराज यादव व हर्षिल शर्मा सम्मानित किये गए। कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्णमुरारी शर्मा ने किया।