नई दिल्ली। भारतीय सीनियर महिला टीम 21 से 27 फरवरी तक तुर्की में होने वाले महिला कप फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेगी। भारतीय टीम के अलावा एस्टोनिया, कोसोवो और हांगकांग की टीमें भी राउंड-रॉबिन प्रारूप में होने वाले इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी। इस टूर्नामेंट में हर टीम एक-दूसरे से एक बार खेलेगी और राउंड-रॉबिन चरण के अंत में तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीमें विजयी घोषित की जाएंगी। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 21 फरवरी को एस्टोनिया से खेलेगी।
इसके बाद उसे हांगकांग से 24 फरवरी जबकि कोसोवो से 27 फरवरी को खेलना है। भारतीय टीम तीसरी बार इस टूर्नामेंट में भाग लेगी। उसने इससे पहले 2019 और 2021 में भी इसमें भाग लिया था। इस टूर्नामेंट के लिए अभ्यास करने नयी मुख्य कोच लैंगम चाओबा देवी की निगरानी में 10 फरवरी से भुवनेश्वर में टीम का एक सप्ताह का शिविर भी लगेगा।
ये भी जानिए.................
भुवनेश्वर में शिविर के लिए संभावित खिलाड़ी इस प्रकार हैं: गोलकीपर: अंशिका, एलंगबाम पंथोई चानू, मोनालिसा देवी मोइरंगथम, श्रेया हुडा डिफेंडर: आशालता देवी लोइटोंगबम, अस्तम ओरांव, डालिमा छिब्बर, जूली किशन, ममता, रंजना चानू सोरोखैबम, शिल्की देवी हेमम मिडफील्डर: अंजू तमांग, इंदुमति काथिरेसन, काजोल डिसूजा, कार्तिका अंगमुथु, कृतिना देवी थौनाओजम, मनीषा, पवित्रा मुरुगेसन, प्रियंगका देवी नाओरेम, संगीता बासफोर फॉरवर्ड: ग्रेस डांगमेई, ज्योति, करिश्मा पुरूषोत्तम शिरवोइकर, काव्या पक्कीरिसामी, लिंडा कोम सर्टो, नेहा, प्यारी खाखा, संध्या रंगानथन, संजू, सौम्या गुगुलोथ।