- सलमान के घर गोलियां दागने वालों में एक और गिरफ्तार

मुंबई अभिनेता सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग मामले में हरियाणा से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध का संबंध गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक से है और वह घटना से पहले और बाद में लगातार संपर्क में था। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति पर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई से निर्देश लेने का संदेह है। पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि इस फायरिंग की घटना को अंजाम देने के लिए शूटरों को 4 लाख रुपए की पेशकश की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सागर पाल और उसके साथी विक्की गुप्ता दोनों को कथित तौर पर शूटिंग को अंजाम देने के लिए 4 लाख की पेशकश की गई थी, जिसमें 1 लाख का एडवांस दे दिया गया था। पुलिस ने दावा किया कि दोनों को काम पूरा होने के बाद और बाकी बचे पैसे देने का वादा किया गया था। मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य सलमान खान की हत्या करना नहीं बल्कि उन्हें डराना था। अधिकारी ने कहा कि रविवार को बांद्रा इलाके में सलमान खान के आवास पर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार सागर पाल और विक्की गुप्ता हिरासत में लिए गए संदिग्ध को अपनी गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे थे और फोन इंटरनेट के माध्यम से किया गया था। उन्होंने कहा कि घटना के बाद सागर पाल और विक्की गुप्ता मुंबई से भागकर भुज की ओर चले गए और सूरत के पास उन्होंने उस मोबाइल फोन का सिम कार्ड बदल दिया, जिसका उपयोग वे बातचीत के लिए कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी निगरानी के दौरान संज्ञान में आया कि पुलिस को भ्रमित करने के लिए वे बार-बार मोबाइल फोन बंद कर देते थे। लेकिन जिस नंबर पर उन्होंने फोन किया वह हमेशा एक ही था। अधिकारी ने कहा कि संदिग्ध को हरियाणा में पकड़े जाने के बाद मुंबई लाया गया। उन्होंने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है लेकिन मामले में उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag