Jabalpur News: मध्य प्रदेश ने २९ में से २९ सीट दी। महाकौशल, वोट शेयर के मामले में पूरे देश में भाजपा का सबसे बड़ा वोट बैंक है। लेकिन १ करोड़ को छूती महाकौशल की आबादी के लिये बजट में विशेष ध्यान दिया गया। जिस गति से मध्य प्रदेश के दूसरे क्षेत्र विकसित हो रहे, महाकौशल और जबलपुर उसमें बहुत पीछे है।
टूरिज्म, डिफेंस, लाजिस्टक हब, मिनरल, माईनिंग, फूड प्रेसेिंसग हब आदि में जबलपुर और महाकौशल में असीम संभावनाए हैं। लेकिन केन्द्र सरकार जब देश के हर क्षेत्र को कुछ न कुछ दे रही है। तब भी महाकौशल अंचल इस तरह नकार दिया गया, जैसे वो है ही नहीं। महाकौशल रीजन की बजट में दशकों से हो रही है, उपेक्षा इस वर्ष भी जारी है। अब इस उपेक्षा पर हर कोई सवाल उठा रहा है।
बजट में महाकौशल और प्रदेश की उपेक्षा पर उठते सवालों के क्रम में सबसे मजबूत आवाज राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की आई है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने बजट को लेकर नाराजगी जाहिर की है, उन्होंने कहा कि इस बजट में मध्य प्रदेश को क्या खास मिला?
एक बड़े क्षेत्र महाकौशल, बुंदेलखंड और विंध्य की उपेक्षा की गई है, भाजपा को २९ सांसद देने वाले मध्य प्रदेश को आखिर क्या स्पेशल मिला? सांसद विवेक तन्खा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपना वीडियो मैसेज जारी करते हुए कहा कि मुझे बहुत अफ़सोस है कि एमपी ने भाजपा का बहुत साथ दिया पूरी २९ सीटें दी, लेकिन मध्यप्रदेश को इस बजट में क्या मिला ? महाकौशल, बुंदेलखंड और विंध्य को क्या मिला? उन्होंने सवाल किया कि क्या मध्य प्रदेश के पर्यटन में वृद्धि होगी क्या हमारे एयरपोर्ट अच्छे हो पाएंगे, क्या डिफेन्स क्लस्टर आयेगा, क्या महिला सशक्तिकरण का मिशन पूरा हो पायेगा?
श्री तन्खा ने कहा आपने पूरा बजट आंध्रप्रदेश और बिहार पर केन्द्रित कर दिया क्योंकि वो आपका सर्वाइवल किट है क्या आप सर्वाइवल के लिए बजट लाते हो या देश के लिए लाते हो? सड़कें तो पूरे देश में बन रही हैं, इसके अलावा जो आप मध्य प्रदेश के लिए कर रहे हो वो तो सामान्य है, मध्य प्रदेश पर साढ़े चार लाख करोड़ का कर्ज है वो कैसे वापस होगा? कोई स्पेशल पैकेज दे रहे हो मध्य प्रदेश को?
उन्होंने कहा कि मैं मध्य प्रदेश के सभी २९ भाजपा सांसदों से कहूँगा कि अब समय आ गया है, हमें मिलकर मध्य प्रदेश की आवाज बनना होगा, हम आपके साथ हैं, अब समय आ गया है, मध्य प्रदेश की पीड़ा असहनीय होती जा रही है इसलिए यदि हम बोलेंगे नहीं तो कोई सुनेगा नहीं।