बालासोर की एक कॉलेज छात्रा ने यौन उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
छात्रा की मौत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। ओडिशा के बालासोर में एक कॉलेज छात्रा ने एक वरिष्ठ प्रोफेसर द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली। फकीर मोहन कॉलेज की इस छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रा की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए ओडिशा सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि सिस्टम ने उसे मार डाला है।
राहुल ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा है।
राहुल ने बालासोर की घटना पर एक्स पोस्ट के ज़रिए कहा, "ओडिशा में न्याय के लिए लड़ रही एक बेटी की मौत भाजपा व्यवस्था द्वारा की गई सीधी हत्या है। उस बहादुर छात्रा ने यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई - लेकिन न्याय दिलाने की बजाय, उसे धमकाया गया, परेशान किया गया और बार-बार अपमानित किया गया। जिन पर उसकी रक्षा करने की ज़िम्मेदारी थी, वे उसे तोड़ते रहे।"
छात्रा की मौत के मामले पर राहुल ने भाजपा के बारे में क्या कहा
उन्होंने पोस्ट में लिखा, "हर बार की तरह, भाजपा का सिस्टम आरोपियों को बचाता रहा - और एक मासूम बेटी को ख़ुदकुशी करने पर मजबूर कर दिया। यह आत्महत्या नहीं, व्यवस्था द्वारा एक सुनियोजित हत्या है। मोदी जी, ओडिशा हो या मणिपुर - देश की बेटियाँ जल रही हैं, टूट रही हैं, मर रही हैं। और आप? आप चुप बैठे हैं। देश आपकी चुप्पी नहीं, बल्कि जवाब चाहता है। भारत की बेटियों को सुरक्षा और न्याय चाहिए।"
बता दें कि छात्रा ने आत्मदाह से लगभग 10 दिन पहले चेतावनी भी दी थी। उसने यौन उत्पीड़न की बार-बार शिकायत भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मामले पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। माझी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।