रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े ज़मीन घोटाले के मामले में सुनवाई 24 जुलाई को होगी। ईडी ने गुरुवार को इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें वाड्रा समेत 11 आरोपियों के नाम हैं।
कांग्रेस सांसद प्रियंका वाड्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुग्राम ज़मीन सौदे के मामले में उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। इस मामले में पहली बार लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर खुलकर हमला बोला है।
राहुल गांधी ने शुक्रवार (18 जुलाई, 2025) को X पर पोस्ट किया और कहा, "मेरे जीजा को पिछले दस सालों से इस सरकार द्वारा परेशान किया जा रहा है। यह नया चार्जशीट उसी साज़िश का एक और हिस्सा है। मैं रॉबर्ट, प्रियंका और उनके बच्चों के साथ खड़ा हूँ क्योंकि वे दुर्भावनापूर्ण, राजनीति से प्रेरित मानहानि और उत्पीड़न के एक और हमले का सामना कर रहे हैं।" अंततः सत्य की जीत होगी - राहुल गांधी
उन्होंने आगे कहा कि मैं जानता हूँ कि वे सभी किसी भी तरह के उत्पीड़न का सामना करने के लिए पर्याप्त बहादुर हैं और वे गरिमा के साथ ऐसा करते रहेंगे। आखिरकार सच्चाई की जीत होगी।
क्या है पूरा मामला?
रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े ज़मीन घोटाले के मामले में सुनवाई 24 जुलाई को होगी। ईडी ने इस मामले में गुरुवार (17 जुलाई, 2025) को चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट में वाड्रा समेत 11 आरोपियों के नाम हैं। आपको बता दें कि यह मामला 2008 में खरीदी गई ज़मीन से जुड़ा है। ईडी ने इस मामले में वाड्रा और उनकी कंपनियों की 43 संपत्तियां कुर्क की हैं।
वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी ने 2008 में गुरुग्राम के सेक्टर-83 स्थित शिकोहपुर गाँव में लगभग 3.53 एकड़ ज़मीन खरीदी थी। उस समय यह ज़मीन लगभग 7.5 करोड़ रुपये में खरीदी गई थी। आरोप है कि ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज़ से गलत जानकारी देकर यह ज़मीन खरीदी गई थी। 2012 में यह ज़मीन रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ को लगभग 58 करोड़ रुपये में बेच दी गई थी। आरोप है कि कम दाम पर ज़मीन खरीदकर ज़्यादा मुनाफ़ा कमाया गया और मनी लॉन्ड्रिंग की गई।