एनडीए के कार्यक्रम में एक आरजेडी विधायक विभा देवी और दूसरे प्रकाश वीर नज़र आए। अभी यह नहीं कहा जा सकता कि ये दोनों बीजेपी में शामिल होंगे या जेडीयू में।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शुक्रवार) बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने करीब 13 हज़ार करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है। इस बीच, आरजेडी को सबसे बड़ा झटका लगा है। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी के मंच पर पार्टी के दो विधायक नज़र आए। इनमें से एक नवादा से विधायक विभा देवी हैं, जबकि प्रकाश वीर रजौली से विधायक हैं।
हालांकि, अभी यह साफ़ तौर पर नहीं कहा जा सकता कि ये दोनों बीजेपी में शामिल होंगे या जेडीयू में, लेकिन बहुत जल्द तस्वीर साफ़ हो जाएगी। जिस तरह से अगले दो-तीन महीनों में बिहार में विधानसभा चुनाव हैं, उससे यह तय है कि इन दोनों विधायकों ने आरजेडी को बड़ा झटका दिया है।
राजबल्लभ यादव की छवि एक कद्दावर नेता की है
बता दें कि विभा देवी, राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं। राजबल्लभ यादव 1990 से आरजेडी से जुड़े हैं। वह मंत्री रह चुके हैं। राजबल्लभ यादव की छवि एक कद्दावर नेता की है। अब जैसे ही विभा देवी एनडीए के मंच पर आईं, बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। गौरतलब है कि हाल ही में राजबल्लभ यादव बरी होकर जेल से बाहर आए हैं। इस साल बिहार में चुनाव हैं, इसलिए माना जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद वह राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए हैं।
रजौली सीट से लगातार दो बार जीते प्रकाश वीर
वहीं, रजौली के प्रकाश वीर की बात करें तो उन्हें राजबल्लभ यादव के करीबियों में से एक माना जाता है। 2015 में वह राजद से विधायक बने थे। इसके बाद 2020 में भी वह विधायक बने। दोनों बार उन्होंने रजौली से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। अब जब विधायकों ने एक साथ राजद छोड़ दी है, तो देखना होगा कि लालू की पार्टी की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।