देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। पद छोड़ने के एक महीने बाद धनखड़ ने खाली किया आवास, जानें अब कहां रहेंगे?
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। उपराष्ट्रपति पद छोड़ने के एक महीने बाद धनखड़ ने अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। आपको बता दें कि जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से ही कयास लगाए जा रहे थे कि धनखड़ का इस्तीफा जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग लाने के प्रस्ताव से जुड़ा है। हालांकि धनखड़ ने अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन विपक्ष ने इस मुद्दे को खूब उठाया था।
जानें अब कहां रहेंगे?
अपने पद से इस्तीफा देने के बाद से जगदीप धनखड़ सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल उन्हें नया सरकारी आवास आवंटित नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि सरकारी आवास खाली करने के बाद जगदीप धनखड़ किसी नेता के घर में शिफ्ट होने की तैयारी में हैं। आपको बता दें कि लंबे समय के बाद सोमवार को धनखड़ घर से बाहर निकले और डॉक्टर से मिलने गए।
जानकारी के अनुसार, धनखड़ दक्षिणी दिल्ली स्थित इंडियन नेशनल लोकदल प्रमुख अभय सिंह चौटाला के घर छतरपुर एन्क्लेव में शिफ्ट हो रहे हैं। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि, 'धनखड़ ने सुरक्षा एजेंसियों को बताया है कि वह शाम करीब 5 बजे गदईपुर डीएलएफ फार्म्स, छतरपुर एन्क्लेव में शिफ्ट हो जाएँगे। उनके वहाँ जाने से पहले ही उनका काफी सामान उस घर में शिफ्ट कर दिया गया है और घर का सामान सरकारी आवास के एक फ्लैट में रख दिया गया है।'
इंडियन एक्सप्रेस अखबार से बातचीत में खुद अभय सिंह चौटाला ने धनखड़ के अपने फार्म हाउस में शिफ्ट होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि, 'धनखड़ जी से हमारे पुराने पारिवारिक संबंध हैं और उन्होंने मुझसे घर नहीं माँगा, मैंने खुद उन्हें घर ऑफर किया है।'