मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केजरीवाल को दागी बताया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ऐसे दागी व्यक्ति को पीएम मोदी ने गिराने का काम किया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। मोहन यादव ने कहा कि केजरीवाल दागी हैं, उन्हें गिराने का काम पीएम मोदी ने किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने बेशर्मी से मुख्यमंत्री का पद चलाया। जिस सीएम पद को डीजी भी सलाम करते हैं, जेल जाने के बाद कहते हैं कि ऐसा कहां लिखा है कि सीएम को पद छोड़ देना चाहिए, इस्तीफा दे देना चाहिए। सीएम मोहन यादव ने कहा कि लालू, राबड़ी से लेकर शिबू सोरेन तक, किसी भी मुख्यमंत्री ने इतनी बेशर्मी नहीं दिखाई, जब वे मुसीबत में थे, तब उन्होंने सीएम का पद छोड़ा।
बेशर्मी से सीएम पद चलाया
एक कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा, "केजरीवाल ने जेल में रहते हुए बेशर्मी से सीएम पद चलाया। ऐसे दागी व्यक्ति से हमें छुटकारा मिलना चाहिए या नहीं? माननीय प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई कि उन्होंने हमारे सामने ऐसे दाग को मिटा दिया। अगर आप अपने कर्मों के कारण जेल जाते हैं और बाद में कहते हैं कि कानून में कहाँ लिखा है कि आपको इस्तीफा दे देना चाहिए। मुख्यमंत्री जैसा पवित्र पद, जिसे डीजी से लेकर पूरा प्रदेश सलाम करता है, और आप उसी की जेल में पड़े हैं और फिर कहते हैं कि ऐसा कहाँ लिखा है। ऐसे व्यक्ति को तो डूब मरना चाहिए।"
'किसी भी मुख्यमंत्री ने इतनी बेशर्मी नहीं दिखाई'
उन्होंने आगे कहा, "यह नैतिकता का तकाजा है। जेल जाना तो बाद की बात है, अगर कोई कहे भी तो आपको मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए। मुझे खुशी है कि पहले लालू यादव, राबड़ी से लेकर सीबू सोरेन तक, जब भी कोई मुसीबत आई, किसी भी मुख्यमंत्री ने ऐसी बेशर्मी नहीं दिखाई। वे बहुत पढ़े-लिखे थे, बहुत ज्ञानी थे। भगवान जाने क्या-क्या कहते थे, झाड़ू लेकर आए हैं, सफाई लाएँगे। ऐसे कलंक को मिटाने का काम पीएम मोदी ने किया।"