विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जर्मन विदेश मंत्री जोहान वेडफुल के समक्ष भारतीय बच्ची अरिहा शाह का मुद्दा उठाया है। जयशंकर ने कहा कि इस मामले का बिना किसी देरी के समाधान निकाला जाना चाहिए। हमने इस विषय पर कुछ चर्चा की है।
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वेडफुल भारत दौरे पर हैं। नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और जोहान वेडफुल के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक हुई है। इस बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई है। भारत पहले भी यह मुद्दा उठा चुका है और यह मामला चार साल की भारतीय बच्ची अरिहा शाह से जुड़ा है।
एस जयशंकर ने क्या कहा?
जर्मन विदेश मंत्री के साथ बातचीत की जानकारी देते हुए एस जयशंकर ने कहा, "मैंने अरिहा शाह का मुद्दा उठाया, जो एक भारतीय लड़की है और पिछले कुछ समय से जर्मन अधिकारियों की देखरेख में है। मैंने मंत्री महोदय से इस बात पर ज़ोर दिया है कि उसके सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा करना और उसे भारतीय परिवेश में पालन-पोषण देना ज़रूरी है। ऐसे में इस मामले का बिना किसी देरी के समाधान किया जाना चाहिए।"
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
जयशंकर ने अपने जर्मन समकक्ष जोहान वेडफुल के साथ बातचीत के बाद कहा कि बैठक में अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, रक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने कहा, "हम भारत के साथ व्यापार को दोगुना करने के जर्मनी के लक्ष्य की सराहना करते हैं।" विदेश मंत्री ने निर्यात नियंत्रण के मुद्दों को सुलझाने के लिए जर्मनी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जर्मनी के साथ भारत के संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं और आगे बढ़ रहे हैं।
कौन हैं अरिहा शाह?
अरिहा शाह चार साल की भारतीय लड़की हैं। अरिहा को उसके माता-पिता धरा और भावेश शाह से अलग कर दिया गया है और उसे जर्मन पालक देखभाल केंद्र में रखा गया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि लड़की को उसकी दादी ने घायल कर दिया था और जर्मन अधिकारियों ने उसे अपने संरक्षण में ले लिया था। इसे दुर्व्यवहार का मामला मानते हुए, संरक्षण की आवश्यकता है। अरिहा वर्तमान में पालक देखभाल में है और जर्मनी में एक जटिल कानूनी मामले में उलझी हुई है। माता-पिता ने कहा है कि यह एक दुर्घटना थी, लेकिन जर्मनी में कानूनी पेचीदगियों में उलझने के बाद, लड़की पिछले 40 महीनों से पालक देखभाल में है।