पश्चिम बंगाल विधानसभा में अल्पसंख्यक विधेयक पर चर्चा के दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के विधायकों के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि मार्शल बुलाना पड़ा और भाजपा के 5 विधायकों को निलंबित कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को उस समय भारी हंगामा हुआ जब भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के विधायक आपस में भिड़ गए। मामला अल्पसंख्यकों से जुड़े एक विधेयक पर चर्चा के दौरान शुरू हुआ। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष को मार्शल बुलाना पड़ा। इस दौरान भाजपा के मुख्य सचेतक शंकर घोष को विधानसभा से निलंबित कर दिया गया। उनके अलावा भाजपा के 4 और विधायकों को भी निलंबित कर दिया गया। हंगामे के बीच शंकर घोष की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई।
ये विधायक निलंबित हुए-
1. बंकिम घोष
2. अशोक डिंडा
3. अग्निमित्र पाल
4. शंकर घोष
5. मिहिर गोस्वामी
ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला
हंगामे के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विधानसभा में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को 'वोट चोरों की पार्टी' करार देते हुए कहा, 'भाजपा देश के लिए कलंक है। ये लोग बंगाल की बंगाली भाषा और संस्कृति पर हमला कर रहे हैं। बंगाल के लोगों ने आज़ादी की लड़ाई में अपना खून बहाया था, तब भाजपा का जन्म भी नहीं हुआ था।'
'ये लोग बंगालियों पर अत्याचार कर रहे हैं'
ममता ने भाजपा पर बंगाल और बंगालियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'ये लोग बंगालियों पर अत्याचार कर रहे हैं। संसद में हमने देखा कि कैसे भाजपा ने सीआईएसएफ के ज़रिए हमारे सांसदों को परेशान किया। मैं कहती हूँ, एक दिन ऐसा आएगा जब बंगाल की जनता भाजपा को वोट नहीं देगी और विधानसभा में उनका एक भी विधायक नहीं बचेगा।'
भाजपा पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा, 'तुम लोग देश के टुकड़े-टुकड़े कर रहे हो। तुम धर्म का नारा देते हो, लेकिन अल्लाह तुम्हें माफ नहीं करेगा।'
भाजपा ने भी पलटवार किया
भाजपा विधायकों ने ममता के बयानों का कड़ा विरोध किया, जिससे विधानसभा में माहौल और गरमा गया। भाजपा ने टीएमसी पर अल्पसंख्यक तुष्टिकरण का आरोप लगाया और कहा कि ममता बनर्जी बंगाल की जनता को गुमराह कर रही हैं। हंगामे के बाद विधानसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित करनी पड़ी। शंकर घोष की बिगड़ती तबीयत की खबर ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। टीएमसी और बीजेपी के बीच यह विवाद और बढ़ने की संभावना है।
शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस हमले की निंदा की है, उन्होंने इसे शारीरिक हमला बताया है। उन्होंने कहा, "हालांकि मुझे निलंबित कर दिया गया था, लेकिन उन्हें लगा कि हमारे विधायक कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे, लेकिन हमारे विधायकों ने विरोध किया।" जेपी नड्डा ने उनसे बात की और शंकर घोष और बंकिम घोष के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। वे अस्पताल में भर्ती हैं।