जीतन राम मांझी ने पार्टी नेताओं से कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में अभी लगभग एक महीना बाकी है। ऐसे में पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाएँ।
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पार्टियाँ जुटी हुई हैं। कहीं बैठकें हो रही हैं तो कहीं सम्मेलन। इसी बीच, गुरुवार (04 सितंबर, 2025) को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 'हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा' का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ। पार्टी संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इसका उद्घाटन किया। अधिवेशन में 10 प्रस्ताव पारित किए गए।
पारित किए गए 10 प्रमुख प्रस्तावों पर एक नज़र
1. प्रधानमंत्री मोदी की माँ का अपमान करने पर इंडिया अलायंस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित।
2. बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी पर विस्तृत चर्चा।
3. सरकार से हर दलित परिवार के लिए पाँच डिसमिल ज़मीन पर घर बनाने की माँग।
4. समान शिक्षा प्रणाली लागू करने पर ज़ोर।
5. बिहार चुनाव में ज़्यादा सीटों पर मजबूती से लड़ने का संकल्प।
6. सामाजिक समीकरण और चर्चा।
7. भूमिहीन परिवारों, दलित-पिछड़े-अतिपिछड़े और पूर्व सैनिकों को कृषि भूमि का मालिक बनाने की माँग।
8. बिहार से बाहर गए मज़दूरों की वापसी और रोज़गार की व्यवस्था।
9. वृद्धावस्था पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर चर्चा।
10. गरीब और वंचित लोगों को ज़्यादा से ज़्यादा लाभ पहुँचाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का निर्णय।
'पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएँ'
राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में अभी लगभग एक महीना बाकी है। ऐसे में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाएँ। उन्होंने माँग की है कि बिहार से बाहर काम करने वाले मज़दूरों के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें मतदान में कोई दिक्कत न हो।
दूसरी ओर, मांझी ने कहा कि जीएसटी की दरें कम कर दी गई हैं। इसे 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत और 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे गरीबों और मजदूरों को ऐतिहासिक लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने 34 महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे, जिनमें से कुछ अभी तक लागू नहीं हुए हैं। उन निर्णयों को भी समय रहते लागू किया जाना चाहिए।
संतोष कुमार सुमन ने क्या कहा?
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दीजिए। आपको धैर्य और संयम रखना होगा, तभी सफलता मिलेगी। जो मेहनत करेगा और ज़मीनी स्तर पर मज़बूत होगा, पार्टी उसे ही मौका देगी। नेतृत्व पर भरोसा रखिए, हमें आपकी उम्मीदों के मुताबिक सीटें मिलेंगी।