शिक्षक दिवस पर सीएम योगी ने बड़ा ऐलान किया है। अब यूपी के सभी शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इस फैसले से यूपी के 9 लाख परिवारों को फायदा होगा।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस के मौके पर राज्य के शिक्षकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। अब सभी शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, वित्तपोषित विद्यालयों के सभी शिक्षकों को यह सुविधा मिलेगी। शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी कैशलेस से जोड़ा जाएगा।
योगी सरकार की इस पहल को शिक्षा क्षेत्र में काम करने वाले लाखों परिवारों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं माना जा रहा है।
9 लाख परिवारों को होगा फायदा
इस फैसले से यूपी के 9 लाख परिवारों को फायदा होगा। सीएम ने कहा कि उनकी सेवा को देखते हुए सरकार ने उनके स्वास्थ्य को लेकर यह ऐतिहासिक फैसला लिया है। सीएम योगी ने इसके बाद यह भी कहा कि आने वाले समय में शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने के लिए एक समिति का भी गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट जल्द ही आने वाली है, जिसके बाद उनके मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी।
पहले यह 'बीमारू राज्य' था - योगी
सीएम योगी ने राज्य की पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले 'बीमारू राज्य' के रूप में जाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज भारत के विकास का इंजन बन रहा है। जो राज्य अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहा था, आज उसकी एक मज़बूत पहचान है और लोग उस पर गर्व महसूस करते हैं। 8 साल पहले सत्ता में कौन थे जो राज्य के लिए कुछ नहीं कर पाए?
शिक्षकों ने क्या कहा?
वहीं, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े संगठनों ने सीएम योगी के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका मानना है कि लंबे समय तक शिक्षकों की सबसे बड़ी चिंता उनके स्वास्थ्य संबंधी खर्चों को लेकर थी, लेकिन अब सरकार की इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।