तेज प्रताप ने कहा कि जिस तरह हमने महुआ के लोगों के लिए काम करवाया है, उसी तरह बिहार के लोगों के लिए भी काम करवाएँगे। वह मीडिया से बात कर रहे थे।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव बिहार चुनाव से पहले तैयारी कर रहे हैं। लोगों के बीच जा रहे हैं। बैठकें कर रहे हैं। भविष्य की योजनाएँ बना रहे हैं। इसी बीच, शुक्रवार (05 सितंबर, 2025) को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने एक बड़ी बात कही। साफ कहा कि वह बिहार के लिए मर-मिटने को तैयार हैं। उन्होंने आगे का एजेंडा भी बताया।
'हम स्मार्ट गाँव बनाएंगे'
मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा, "जिस तरह पिताजी ने कहा था कि स्मार्ट शहर नहीं, स्मार्ट गाँव चाहिए, तो हम स्मार्ट गाँव बनाने का काम करेंगे। यह मेरा वादा है। हम इसके लिए लड़ेंगे... मरेंगे, लेकिन यह काम करवाएँगे। जिस तरह हमने महुआ के लोगों के लिए काम करवाया है, उसी तरह हम बिहार के लोगों के लिए भी काम करवाएँगे।"
'हम अब उस संगठन में नहीं हैं...'
एक सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि हम अब उस (राजद) संगठन में नहीं हैं, इसलिए अभी इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। महागठबंधन के लोग मेरे साथ आ रहे हैं। सब हमारे साथ जुड़ रहे हैं। जनता तक पहुँचने का हर कोई अपना रास्ता ढूँढ़ता है, लेकिन हम गाँव की पगडंडियों पर चलना चाहते हैं।
तेज प्रताप ने कई ज़िलों में की सभाएँ
बता दें कि राजद से छह साल के लिए निष्कासित होने के बाद तेज प्रताप यादव ने 'टीम तेज प्रताप यादव' बनाकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस साल (2025) बिहार में विधानसभा चुनाव है, इसलिए वह खुद तो चुनाव लड़ेंगे ही, साथ ही कई और लोगों को भी मैदान में उतारेंगे। चुनाव से पहले वह अलग-अलग ज़िलों में जा रहे हैं। उन्होंने बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, मनेर (पटना), महुआ (वैशाली) समेत कई अलग-अलग जगहों पर सभाएँ की हैं।
तेज प्रताप यादव का कहना है कि वह जहाँ भी जाते हैं, उनके साथ युवाओं की भीड़ नज़र आती है। वह युवाओं के लिए काम करना चाहते हैं। अब देखना यह है कि आगामी विधानसभा चुनाव में तेजप्रताप यादव राजद के बिना अपने दम पर कितने सफल होते हैं।