श्री राम स्वरूप स्मारक विश्वविद्यालय प्रबंधन पर प्रशासन का शिकंजा कसता दिख रहा है, प्रबंधन द्वारा सरकारी ज़मीन पर कब्ज़ा करने के आरोपों की जाँच शुरू हो गई है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी ज़िले में स्थित श्री राम स्वरूप स्मारक विश्वविद्यालय (SRMU) परिसर में आज प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोज़र चलाया गया। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय द्वारा कथित तौर पर सरकारी ज़मीन पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने के लिए की गई।
विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित "पशुशाला" को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। यह संरचना बिना किसी वैध अनुमति के सरकारी ज़मीन पर बनाई गई थी। शाम करीब 4 बजे बुलडोज़र विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल हुए और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
पशुशाला 400 वर्ग मीटर में बनी है
एडीएम न्यायिक राज कुमार शर्मा ने बताया कि जाँच में विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम समाज की ज़मीन पर कब्ज़ा पाया गया, बेदखली की कार्रवाई के बाद बुलडोज़र की कार्रवाई की गई। पशुशाला 400 वर्ग मीटर में बनी थी जिस पर कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही, सर्वेक्षण का काम अभी भी जारी है।
जांच में अवैध कब्जे की शिकायत सही पाई गई
दरअसल, विश्वविद्यालय परिसर में तालाब और सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा था कि यह शिकायत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने की थी। इसके बाद राजस्व विभाग ने इसकी जाँच की। राजस्व विभाग की जाँच में अवैध कब्जे की पुष्टि हुई, जिसके बाद तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी की।
बता दें कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री मयंक राय ने श्री राम स्वरूप स्मारक विश्वविद्यालय पर सरकारी ज़मीन पर कब्जे का आरोप लगाया था। मयंक राय ने कहा कि सरकारी ज़मीन पर कब्ज़ा करके एक निजी विश्वविद्यालय बनाया गया है।
लाठीचार्ज मामले पर सीएम योगी ने की कार्रवाई
वहीं, बाराबंकी स्थित श्री राम स्वरूप विश्वविद्यालय में छात्रों के आंदोलन पर हुए लाठीचार्ज का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। इस मामले में बाराबंकी के सीओ सिटी हर्षित चौहान को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, नगर कोतवाल राम किशुन राणा, चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह समेत गदिया पुलिस चौकी के सभी कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।