शिंदे सेना द्वारा यह नैरेटिव सेट किया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे के कुशल नेतृत्व के कारण मराठों की जीत हुई। शिंदे सेना के अति सक्रिय होने के बाद, अब अचानक कई प्रमुख शहरों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं।
मराठा आरक्षण के मुद्दे पर अब सत्तारूढ़ महायुति के प्रमुख घटक दलों, शिवसेना और भाजपा के बीच श्रेय लेने की होड़ मच गई है। मराठा आरक्षण को लेकर सरकार द्वारा की गई घोषणा के बाद, अब शिवसेना लगातार यह प्रचार करने लगी है कि एकनाथ शिंदे के प्रयासों से मराठा आंदोलन सफल हुआ। वहीं, भाजपा अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर मराठा आरक्षण का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
नैरेटिव सेट करने की कोशिश!
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद मराठा आरक्षण को लेकर मीडिया में इंटरव्यू दे रहे हैं और बता रहे हैं कि कैसे महायुति सरकार ने मराठों की मांगों को पूरा किया। दूसरी ओर, शिंदे सेना यह नैरेटिव सेट कर रही है कि एकनाथ शिंदे के कुशल नेतृत्व के कारण मराठों की जीत हुई।
देवेंद्र फडणवीस के पोस्टर
शिंदे सेना के अति सक्रिय होने के बाद, महाराष्ट्र के कई प्रमुख शहरों और ज़िलों में अचानक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बड़े-बड़े पोस्टर लगा दिए गए हैं। इन पोस्टरों में देवेंद्र फडणवीस और शिवाजी महाराज की तस्वीरें हैं। इन पोस्टरों में फडणवीस हाथ जोड़कर शिवाजी महाराज को प्रणाम कर रहे हैं। इस पोस्टर के नीचे देवा भाऊ लिखा है। इस पोस्टर में कहीं भी मराठा आरक्षण का ज़िक्र नहीं है, लेकिन इशारों के ज़रिए यह बताने की कोशिश की जा रही है कि देवेंद्र फडणवीस ने मराठों के आरक्षण की माँग पूरी कर दी है। महाराष्ट्र भाजपा भी मैदान में उतर आई है। कई भाजपा नेता सोशल मीडिया के ज़रिए यह नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रहे हैं कि फडणवीस ही मराठों के असली मसीहा हैं।
मनोज जारंगे के अनशन के आगे झुकी सरकार
आपको बता दें कि मराठा आरक्षण पर महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट उप-समिति ने कार्यकर्ता मनोज जारंगे के अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान उनकी ज़्यादातर माँगें मान लीं, जिनमें योग्य मराठों को कुनबी जाति प्रमाण पत्र देना भी शामिल है। जरांगे ने इसे अपनी "जीत" बताते हुए अपना अनशन समाप्त कर दिया। कुनबी का दर्जा मिलने से मराठा समुदाय के लोग ओबीसी आरक्षण का लाभ उठा सकेंगे, जो जरांगे की मुख्य मांग रही है। अब सरकार ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है।