आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की भाजपा सरकार से लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग बेहद दुखी हैं।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए लगाए गए राहत शिविरों में बेहतर व्यवस्था न करने का आरोप लगाते हुए रेखा गुप्ता सरकार को घेरा है। इसके साथ ही, आप ने बारिश के मौसम में राष्ट्रीय राजधानी में जलभराव की स्थिति पर भी हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि ऐसा लग रहा है जैसे दिल्ली में कोई सरकार ही नहीं है। दिल्ली के लोग बेहद दुखी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की भाजपा सरकार से लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "दिल्ली के लोग बेहद दुखी हैं। मैं दिल्ली सरकार से लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील करता हूँ। आतिशी जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं।"
राहत शिविरों में न बिजली है, न खाना - आतिशी
आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "दिल्ली के जिन इलाकों में बाढ़ आई है, वहाँ के लोगों का जीवन कष्टमय हो गया है। उनके घर पानी में डूबे हुए हैं, लेकिन सरकार उनकी कोई मदद नहीं कर पाई। आपको राहत शिविरों में जाकर उनकी हालत देखनी चाहिए। राहत शिविर लोगों के घरों से 5 किलोमीटर दूर बनाए गए हैं। ये ऐसी जगह बनाए गए हैं जहाँ लोग जाने को तैयार नहीं हैं। वहाँ पंखे भी नहीं हैं। कई शिविरों में बिजली नहीं है, खाना नहीं है, शौचालय साफ़ नहीं हैं।"
बाढ़ और बारिश से दिल्ली के लोग बेहद परेशान हैं - आतिशी
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर आप वहाँ शिविरों में जाएँ, तो लोग एक ही बात कह रहे हैं कि कोई हमसे मिलने नहीं आया। अगर कोई मिलने आया, तो वो आम आदमी पार्टी के विधायक, पार्षद थे। मैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपील करना चाहूँगी कि लोग बाढ़ और बारिश से बेहद परेशान हैं। राहत शिविरों में लोग बेहद परेशान हैं। आप अपने विधायकों और अधिकारियों से कहें कि कम से कम राहत शिविरों में तो आएँ।" एक बार जाकर लोगों की हालत देखिए। उनके लिए खाने, पीने के पानी और शौचालय की उचित व्यवस्था होनी चाहिए।''
'दिल्ली के लोगों को परेशानी से बचाने के लिए आपने क्या किया'
उन्होंने यह भी कहा, ''जिस दिन बारिश होती है, दिल्ली झील में तब्दील हो जाती है। आप दिल्ली के किसी भी हिस्से में चले जाइए, चाहे वह शालीमार बाग हो, राजौरी गार्डन हो, तिलक नगर हो, पटपड़गंज हो, तुगलकाबाद हो, ग्रेटर कैलाश हो या पूरा कनॉट प्लेस हो, हर जगह पानी ही पानी है। आज मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पूछना चाहती हूँ कि यहाँ के लोग इतने परेशान हैं, आपने उन्हें इस परेशानी से बचाने के लिए क्या किया?
मानसून की तैयारी के लिए आपने क्या किया - आतिशी
आतिशी ने दिल्ली सरकार से सवाल करते हुए कहा, ''मानसून की तैयारी के लिए आपने क्या किया? जब आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तो मानसून की तैयारी तीन महीने पहले से शुरू हो जाती थी। पहली बारिश से तीन महीने पहले ही पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, डीडीए समेत दिल्ली के सभी विभागों को बुलाकर तैयारी कर ली जाती थी।''
अगर हमें जलभराव रोकना है, तो हमें पहले से तैयारी करें- आतिशी
आप नेता ने यह भी कहा, "मुझे पता है कि दिल्ली में जलभराव रोकना कोई आसान काम नहीं है। दिल्ली में इतने लोग रहते हैं, इतनी कॉलोनियाँ हैं, अगर हमें दिल्ली में जलभराव रोकना है, तो हमें पहले से तैयारी करनी होगी। 'आप' सरकार में, हर विभाग के अधिकारी बारिश से तीन महीने पहले ही ज़मीन पर होते थे। विधायक भी जाकर देखते थे कि नालों की सफाई हुई है या नहीं।"