डांस का वीडियो वायरल होने के बाद दतिया एसपी सूरज वर्मा ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए हैं। डांसर को दतिया के एक होटल में आयोजित पार्टी में बुलाया गया था।
मध्य प्रदेश के दतिया में दो पुलिसकर्मियों का महिलाओं के साथ अश्लील डांस करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सिविल लाइंस थाने में तैनात एएसआई संजीव कुमार गोड़ और राहुल बौद्ध का है। दोनों पुलिसकर्मी पार्टी में महिलाओं के साथ डांस करते हुए आपत्तिजनक हरकतें करते नजर आ रहे हैं। अश्लील होने के कारण वीडियो को खबरों में नहीं दिखाया गया है।
यह वीडियो दतिया के एक होटल के बेसमेंट का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आते ही दतिया एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
दतिया के एक होटल में आयोजित की गई थी पार्टी
सोशल मीडिया पर वायरल हुई क्लिप में एएसआई उसी थाने के एक कांस्टेबल के जन्मदिन समारोह के दौरान बॉलीवुड गानों पर डांस करते हुए अश्लील हरकतें करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह पार्टी 2 सितंबर को दतिया के एक होटल में आयोजित की गई थी, जहाँ पेशेवर डांसरों को बुलाया गया था। यह कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।
पुलिस की छवि धूमिल करने वाली हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएँगी - एसपी
एएसआई ज़मीन पर लोट-लोटकर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। अश्लील हरकतें करते हुए डांस का वीडियो वायरल होने के बाद दतिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज वर्मा ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया। एसपी सूरज वर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि पुलिस की छवि धूमिल करने वाली कोई भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिवपुरी में भी एएसआई को निलंबित किया गया
हाल के दिनों में मध्य प्रदेश पुलिस से जुड़ी यह दूसरी ऐसी घटना है। शिवपुरी में, भौती थाने में तैनात एक एएसआई को एक रील में वांछित अपराधी रोहित परिहार उर्फ सॉलिड और एक युवती के साथ नाचते हुए दिखाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया। इस मामले में बताया गया कि अपराधी पर कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पुलिस की निगरानी सूची में है।