-
राजनेताओं से लेकर आमजन, सभी ने एक साथ मिलकर किया योग
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष सहित देश के गणमान्य लोग हुए शामिल नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश की राजधानी से लेकर छोट-छोटे गांवों तक आज योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित देश के कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी योग कार्यक्रमों में शामिल होकर योग किया। जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में योग किया।
वहीं जगदीप धनखड़ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ योग किया। ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। वहीं देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी अपने दिल्ली आवास पर योग किया। दिल्ली से भाजपा के लोक सभा सांसद मनोज तिवारी ने यमुना नदी पर योग किया तो वहीं केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने दिल्ली के पुराना किला पर आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने योग करती हुई अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी को बधाई। योग हमारी सभ्यता की महान उपलब्धियों में से एक है, और पूरे विश्व के लिए भारत की एक महान सौगात है। योग, शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करता है। योग हमारे जीवन में बढ़ती चुनौतियों का सामना करने के लिए हम सभी को और अधिक सक्षम बनाता है।
आज के दिन, मैं सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और इसकी परिवर्तनकारी शक्ति का अनुभव करने का आग्रह करती हूं। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्व-बंधुत्व के संदेश का दिवस है। इस वर्ष का थीम वसुधैव कुटुम्बकम् के लिए योग हमारी साझी आकांक्षाओं और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। यह जी 20 शिखर सम्मेलन की विषयवस्तु के भी पूर्णत: अनुकूल है।
योग को विश्व के पटल पर लाने का सार्थक सफल प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितम्बर 2014 को सयुंक्त राष्ट्र महासभा के 69 सत्र मे अपने उद्बोधन में किया। संयुक्त राष्ट्र द्वारा इतने अधिक वोटों से और कम से कम समय में योग को अंतर्राष्ट्रीय रूप में स्वीकृति देना भारतीय नेतृत्व की दूरदृष्टि की स्वीकृति है।लोकसभा अध्यक्ष ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा, योग सिर्फ मन और चित्त को स्वस्थ रखने का साधन नहीं है बल्कि यह सम्पूर्णता की ओर ले जाने का भी सशक्त माध्यम है।
नोएडा स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया योग केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विश्व योग दिवस के मौके पर नोएडा स्टेडियम में पहुंचकर योग किया और लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, कई अन्य जनप्रतिनिधि तथा नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन, भारत विकास परिषद और नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी और आम लोग शामिल हुए।
स्टेडियम के इंडोर ग्राउंड में हजारों लोगों ने केंद्रीय मंत्री के साथ सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक योगाभ्यास किया गया। इससे पहले नोएडा स्टेडियम में ही फुटबॉल ग्राउंड पर प्रशासनिक अधिकारियों और शहर वासियों ने भी योग किया। सुबह छह बजे से कार्यक्रम शुरू हुआ। वहीं शहर की अलग-अलग सोसायटी और सेक्टरों में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने योग किया।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!