-
भोपाल में डेंगू से संक्रमित 2 मरीजों की मौत, सैकड़ों बीमार
भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जुलाई माह मे अभी तक यह संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है। 2 मरीजों की मौत हो जाने की भी खबर है। जिनके लक्षण डेंगू की बीमारी के थे। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। लेकिन जिनकी मृत्यु हुई है,उनके लक्षण डेंगू की बीमारी के ही थे।
बारिश शुरू होते ही बड़े पैमाने पर डेंगू का प्रकोप मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग इस सच्चाई को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। लेकिन डॉक्टरों के अनुसार जो मरीज क्लीनिक में आ रहे हैं,और जो अस्पतालों तक पहुंच रहे हैं। उनमें डेंगू की बीमारी के लक्षण हैं। मरीज के जोड़ों में दर्द के साथ,प्लेटलेट्स लगातार कम हो रहे हैं। रैपिड टेस्ट कराए जाने पर डेंगू की पुष्टि हो रही है।
कागजों पर चल रहा है मलेरिया विभाग
बारिश में कॉलोनियों के खाली प्लाटों और कूलर इत्यादि में बड़े पैमाने पर डेंगू के मच्छर पनपते हैं। मलेरिया विभाग को इसकी जांच करनी चाहिए। जगह-जगह छिड़काव करने की ड्यूटी मलेरिया विभाग की है। लेकिन यह सारी ड्यूटी अधिकतम कागजों पर हो जाती है। इस विभाग में कर्मचारियों की संख्या काफी कम है। फाइलों पर ही सारे काम निपटाए जाते हैं। जुलाई और अगस्त का महीना डेंगू के मच्छरों के लिए सबसे अनुकूल माना जाता है। जिला मलेरिया अधिकारी दावा कर रहे हैं। उन्होंने 44 टीमों को लारवा सर्वे के काम में लगाया हुआ है। उनके अनुसार स्थिति सामान्य है। चिंता करने की कोई बात नहीं है।