भोपाल । प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में बायसन का परिवार भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। काले रंग के बायसन कुनबे में दो सफेद बायसन भी नजर आ रहे हैं। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई क्षेत्र में इन दिनों पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। बड़ी संख्या में पर्यटक वन्यप्राणियों व प्राकृति सौंदर्य को निहारने पहुंच रहे हैं। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के मुताबिक, सफेद रंग के बायसन का दिखना काफी दुर्लभ माना जाता है।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में करीब साढ़े छह हजार बायसन हैं, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा है। बायसन गौर के कुनबे में दोनों सफेद बायसन की उम्र काफी कम है। रिजर्व क्षेत्र संचालक एल कृष्णमूर्ति का कहना है कि सफेद रंग के बायसन काफी दुर्लभ होते हैं, क्योंकि संख्या में काफी कम होते हैं। दो साल पहले तवा नदी के किनारे सफेद बायसन नजर आया था। अब मढ़ई में नजर आ रहे हैं।
यहां सैर के लिए आने वाले पर्यटकों को भी बायसन का झुंड दिखाया जा रहा है, साथ ही सफेद बायसन की जानकारी भी दी जाती है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के मुताबिक, सफेद बायसन की उम्र जैसे-जैसे बढ़ेगी रंग और गहरा होता जाएगा। काले रंग के बायसन के शरीर में घुटने के पास ही सफेद रंग होता हैं।