-
उज्जैन से जल्द होगी हवाई सेवा की शुरुआत: डॉ. यादव
बाबा महाकाल के दर्शन व पूजन कर सुख, समृद्धि की कामना की
भोपाल । प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन से हवाई सेवा की शुरुआत जल्द करने का ऐलान किया है। लोग हेलिकाप्टर से उज्जैन आ-जा सके इसके लिए हेलिपेड और हवाईजहाज से भी आ-जा सके इसके लिए एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से कहा है कि अयोध्या में श्री रामलाल की प्राण-प्रतिष्ठा होने के बाद सभी देवस्थलों पर अधिक काम करने की जरुरत है। डॉ. यादव ने आज उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन व पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की। साथ ही मंदिर परिसर में चल रहे विस्तारीकरण निर्माण कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन हो,
ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रख अनेक निर्माण कार्य कराने का लक्ष्य रखा है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण का काम भी कर रही है। वे बुधवार को महाकालेश्वर मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों को देखने आए थे। मालूम हो कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के निर्देश पर ही 10 दिन पहले ही विमानन विभाग के आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने के लिए देवास रोड स्थित दताना-मताना हवाई पट्टी का निरीक्षण कर गए थे। उनके साथ एयरपोर्ट अथारिटी के पदाधिकारी साथ थे।
एयरपोर्ट बनाने के लिए कितनी जमीन की आवश्यकता होगी, जमीन अधिग्रहित करने और बुनियादी सुविधाओं का निर्माण करने पर कितनी राशि खर्च होगी, इसका प्रस्ताव राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अफसरों से मांगा था। तब एक आदर्श एयरपोर्ट बनाने पर 250 से 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान जताया था। 10 दिन गुजर चुके हैं मगर अब तक प्रस्ताव तैयार नहीं हुआ है। वहीं कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि उज्जैन में एयरपोर्ट बनाने के लिए सर्वे हो रहा है। जल्द ही विस्तृत कार्य योजना मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन हो, इसके लिए नए सिरे से योजना बना रहे हैं।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!