-
राहुल गांधी ने हटाए रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले ट्वीट
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया गया कि उन्होंने अपना 2021 का ट्वीट हटा दिया है, जिसमें कथित तौर पर 9 साल की बलात्कार पीड़िता की पहचान उजागर की गई थी। राहुल गांधी की वकील तरन्नुम चीमा ने कोर्ट को बताया कि ट्वीट को भारत में पहले ही रोक दिया गया था और अब इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हटा दिया गया है। इस बयान की पुष्टि ट्विटर के वकील ने भी की। वहीं दिल्ली पुलिस ने एक सीलबंद कवर रिपोर्ट पेश की जिसमें कहा गया कि उसने सितंबर 2021 में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और मामले में जांच अभी भी जारी है।
दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनमोहन और न्यायमूर्ति मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की कोर्ट इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वाली एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। दिल्ली पुलिस की स्टेटस रिपोर्ट और राहुल गांधी के वकील के बयान पर विचार करने के बाद कोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया। ये मामला 2021 में दिल्ली के एक इलाके में 9 साल की एक बच्ची के कथित बलात्कार और उसके बाद मौत से जुड़ा है।
आरोप है कि पीड़िता कूलर के लिए पानी लेने गई थी, जहां के पुजारी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर नाबालिग का बलात्कार कर बाद में हत्या कर दी। इसके बाद राहुल गांधी ने मृतक लड़की के माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए उनकी तस्वीरें अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्विट की थी। बाद में उस ट्वीट पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए एक शिकायत दर्ज की थी।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!