-
मुंबई पुलिस की ईओडब्ल्यू शाखा ने बिल्डर ललित टेकचंदानी को गिरफ्तार किया
मुंबई । मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में बिल्डर ललित टेकचंदानी को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मामला कथित तौर पर कई मकान खरीदारों को धोखा देने से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि टेकचंदानी को दक्षिण मुंबई में ईओडब्ल्यू कार्यालय लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पिछले हफ्ते ईओडब्ल्यू ने टेकचंदानी के कार्यालय और आवास सहित उसके चार परिसरों पर तलाशी ली थी।
इस महीने की शुरुआत में टेकचंदानी, उसकी पत्नी, उसकी कंपनी ‘सुप्रीम कंस्ट्रक्शन’ के निदेशकों और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ यहां चेंबूर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने नवी मुंबई के तलोजा में टेकचंदानी की निर्माण परियोजना में 36 लाख रुपये का निवेश किया था। कंपनी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि परियोजना 2017 में तैयार होगी। हालांकि 2016 में इसका निर्माण अचानक बंद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सैकड़ों फ्लैट खरीदारों ने टेकचंदानी की परियोजना में निवेश किया लेकिन उन्हें न फ्लैट मिले और न ही उनके पैसे वापस मिले।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!