-
रंधावा ने मंच से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लगवाए जय श्रीराम के नारे
रंधावा ने कहा, जोर से नारा लगाएं ताकि बीजेपी वालों को पता लगे कि राम उनके नहीं राम हमारे हैं
कोटा। अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर बीजेपी अपना हिंदुत्व वोट बैंक मजबूत मान रही है। लेकिन अब बीजेपी पर काउंटर अटैक करने के लिए कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। इसकी तस्दीक राजस्थान में कोटा से हुई। यहां राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कोटा में हुए कांग्रेस संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जय श्रीराम के नारे लगाकर इसकी शुरुआत कर दी है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और पंजाब राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा ने कोटा में बीजेपी पर हिंदुत्व के मुद्दे पर अटैक किया। यहां कार्यकर्ता और जनता के बीच रंधावा बीजेपी का नाम लेते बोले राम उनका नहीं राम हमारा है। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद लोगों से उन्होंने जय श्री राम के नारे लगवाए। रंधावा ने कहा कि जोर से नारा लगाएं ताकि बीजेपी वालों को पता लगे कि राम उनके नहीं राम हमारे हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भी बीजेपी पर आरोप लगाया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बीजेपी वाले सियाराम नहीं बोलते। वहीं अब राजस्थान कांग्रेस प्रभारी ने सभा के बीच में सबसे पहले राम-राम किया। इसके बाद जोर-जोर से जय श्रीराम के नारे लगवाकर साफ कर दिया है कि बीजेपी को राम के मुद्दे पर घेरने के लिए कांग्रेस तैयार है। सभा के आखिर में रंधावा ने सियाराम भी बोला। राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने के लेकर कांग्रेस नेता नाराज है। लिहाजा पार्टी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी हमला बोल रही है। बताया जा रहा है कि इसी स्ट्रैटजी के चलते बीजेपी ने ओम बिरला के शहर में जय श्री राम के नारे लगवाए। वहीं रंधावा ने यहां ओम बिरला पर निशाना भी साधा। रंधावा ने जय श्रीराम के नारे लगाकर लोकसभा स्पीकर की ओर इशारा करते कहा अब ओम बिरला को पता चलेगा कि आगे क्या होगा। भाषण के अंत में रंधावा ने यह कहा कि लोकसभा चुनाव में ओम बिरला और बीजेपी को हम बड़ी चुनौती देंगे।
इससे पहले रंधावा ने जयपुर में केंद्र और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए विवादित बयान दे दिया था। उन्होंने इस दौरान कहा था कि मोदी को खत्म करो तो देश बच जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि मोदी नहीं होंगे तो देश अपने आप ठीक हो जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि अडानी-अंबानी को खत्म करना है तो पहले मोदी को खत्म करना होगा। अपने बयानों के जरिए रंधावा इस दौरान बीजेपी और जनसंघ पर खूब हमला किए थे। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया था। बीजेपी लगातार इस बयान के बाद कांग्रेस पर हमलावर रही थी। वहीं अब रंधावा ने जय श्री राम के नारे के जरिए राजस्थान की राजनीति में फिर से गर्माहट पैदा कर दी है।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!