- भ्रष्टाचारी देश की छवि को पीएम मोदी ने बदला-ब्रजेश पाठक

भ्रष्टाचारी देश की छवि को पीएम मोदी ने बदला-ब्रजेश पाठक

बहराइच । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि 2014 में भाजपा के आने से पहले कांग्रेस पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में डूबी थी। कांग्रेस के कई मंत्री जेल में थे और घोटाले पर घोटाले हो रहे थे। दुनिया के पैमाने पर भारत की छवि एक भ्रष्टाचारी देश के रुप में बहुत तेजी के साथ आगे बढ़ रही थी। देश में गरीबी और अमीरी के बीच खाई लगातार बढ़ती जा रही थी। अमीर और अमीर हो रहा था और गरीब और गरीब होता जा रहा था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कमान संभाली तो दुनिया के पैमाने पर भारत माता की छवि को सही ढंग से पेश किया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नगर पालिका परिसर बहराइच में कहा कि देश में आजादी के 75 साल बाद भी शौचालय की व्यवस्था नहीं थी और महिलाएं शौच के लिए बाहर जा रही थी। प्रधानमंत्री ने घर-घर शौचालय बनवाकर महिलाओं के सम्मान का कार्य किया। प्रधानमंत्री ने गरीबों को पांच लाख तक निशुल्क इलाज का तोहफा देते हुए भारी मात्रा में आयुष्मान कार्ड बनवाया है। 2017 से पहले प्रदेश में सिर्फ 13 मेडिकल कॉलेज थे। जिस पर प्रधानमंत्री ने सभी जिलों को मेडिकल कॉलेज देने की बात कही और वर्तमान में 65 मेडिकल कॉलेज हैं और उसे सभी 75 जिलों में बनाए जाने की कार्यवाई चल रही है। प्रधानमंत्री ने उज्जवला गैस की सुविधा दी। कोरोना संक्रमण काल के दौरान जीरो बैलेंस खातों में पैसा डालकर गरीबों के चूल्हे को कभी बुझने नहीं दिया। ऐसे में भाजपा सरकार केन्द्र व प्रदेश के साथ-साथ निकाय में भी जरुरी है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में जहां आटा के लिए हाहाकार मचा है तो वहीं भारत में 80 करोड़ गरीब जनता को निशुल्क राशन बांटा जा रहा है। सपा सरकार पर धावा बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारु प्रदेश के रुप में जाना जाता था। प्रदेश में गुंडों-अपराधियों का राज रहता था। लेकिन आज उत्तर प्रदेश इन्फ्रास्ट्रक्चर में देश में नंबर है। सभी जिलों को राजमार्गों से जोड़ा गया है।
उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि समाजवादी सरकार में बिजली सिर्फ इटावा और सैफई में जाती थी। बहराइच समेत अन्य जिलों में अंधेरा रहता था। लेकिन आज सभी जिला मुख्यालयों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। पहले बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने से पहले डरती थी। बेटियों को गुंडे छेड़ते थे। उन्होंने आज अपराधी गले में पट्टी डालकर पहुंचते हैं और कहते हैं कि हम गुंडागर्दी नहीं करेंगे, हमें गिरफ्तार कर लो। आज मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि प्रदेश में कोई माफिया गिरोह नहीं है। सभी के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है। माफियाओं के खिलाफ न्यायालय में पैरवी कर उन्हें लगातार सजा दिलाई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित हुआ है। 

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag