- लोकतंत्र के लिए खतरनाक है भाजपा, सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाती है- नाना पटोले.

मुंबई। सुप्रीम कोर्ट ने महा विकास आघाडी सरकार को गिराने में महाराष्ट्र के राज्यपाल की हर कार्यवाही को गलत बताया है। हमारा शुरू से आरोप था कि बीजेपी ने राजभवन का गलत इस्तेमाल कर महाराष्ट्र में माविआ की सरकार गिराई। राज्य की शिंदे-भाजपा सरकार असंवैधानिक और अवैध है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर भी मुहर लगाई है। कोर्ट का यह फैसला राज्य सरकार के मुंह पर करारा तमाचा है। इसके बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर को नैतिकता के आधार पर तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यह मांग महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने की है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पहले दिन से ही माविआ सरकार को गिराने के कई प्रयास किए और राजभवन का भी गलत इस्तेमाल किया। आघाडी सरकार को गिराने के लिए राज्यपाल समेत तमाम एजेंसियों ने जो फैसले लिए हैं, वे गलत हैं। कोर्ट ने यह भी कहा है कि शिंदे गुट के विधायक भरत गोगावले को प्रतोद के रूप में नियुक्त करना गलत था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा फैसला सुनाते समय की गई टिप्पणियों से यह स्पष्ट होता है कि भाजपा ने लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। कांग्रेस लगातार कह रही है कि सारी सरकारी एजेंसियां मोदी सरकार के दबाव में काम कर रही है और यह लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरनाक है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हालांकि एकनाथ शिंदे सरकार को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गई टिप्पणी चिंताजनक है। एकनाथ शिंदे द्वारा भाजपा के साथ मिलकर बनाई गई सरकार को अवैध घोषित कर दिया गया है। हालांकि तकनीकी रूप से यह सरकार बच गई है, लेकिन इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि भाजपा और एकनाथ शिंदे द्वारा सत्ता के लिए किए गए कार्य असंवैधानिक हैं। कोर्ट ने कहा है कि 16 विधायकों की अयोग्यता का फैसला विधानसभा अध्यक्ष को लेना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष से अपेक्षा की जाती है कि वे बिना किसी भेदभाव के विचार करने के बाद निष्पक्ष रूप से निर्णय लेंगे। पटोले ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखकर लगता है कि बीजेपी के सत्ता लोभी रवैये ने देश में लोकतंत्र की हत्या कर दी है।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag