- कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत, हारी भाजपा, अब राज्यसभा में भी दिखेगा असर

नई दिल्ली । कर्नाटक में कांग्रेस प्रचंड जीत हासिल करने में कामयाब रही, जबकि भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी थी। अब कर्नाटक में हार का असर भाजपा को राज्यसभा में भी देखने को मिलेगा। हालांकि पिछले साल कर्नाटक की 4 राज्यसभा की सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी को 3 सीटें हासिल हुई थीं। कर्नाटक में राज्यसभा की 12 सीटें हैं। आगे जब ये सीटें खाली होंगी तो बीजेपी को संख्या बल पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौजूदा समय में राज्यसभा में बीजेपी की 92 सीटें हैं, जबकि कांग्रेस की 31 सीटें ही हैं। तृणमूल कांग्रेस की 13 सीटें, आम आदमी पार्टी और डीएमके की 10-10 सीटें हैं। कर्नाटक से उच्च सदन के चार सदस्य अगले साल रिटायर होने वाले हैं, ऐसे में कांग्रेस को तीन सीटें फिर से मिल जाएंगी। तीन साल में पार्टी की पोजीशन भी राज्य की 12 सीटों में से 7 पर पहुंच जाएगी।कर्नाटक में इस समय भाजपा के पास 6, कांग्रेस के पास 5 और जेडीएस के पास 1 सीट है। चुनाव में जेडीएस को तगड़ा झटका लगा है और अब 2026 में एचडी देवगौड़ा का कार्यकाल पूरा होने के बाद जेडीएस की उच्च सदन में पोजीशन शून्य हो जाएगी। अगले साल रिटायर होने वालों में भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और तीन कांग्रेस के सांसद हैं। इस समय चार जम्मू-कश्मीर और दो नामित सीटें राज्यसभा की खाली हैं। इस समय कुल संख्या 239 है।
हाल में बीजेपी हिमाचल और कर्नाटक का चुनाव हारी है। हिमाचल में कुल 3 सीटें हैं। वहां कांग्रेस को जितनी सीटें मिली हैं उस हिसाब से पार्टी को अगले संसदीय चुनावों से पहले अप्रैल 2024 में राज्यसभा की 3 में से एक और दो साल बाद दूसरी सीट मिल जाएगी। फिलहाल राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के सभी 3 सदस्य बीजेपी से हैं। इसमें पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल हैं, जो अप्रैल 2024 में रिटायर होंगे। राज्य की तीसरी सीट का फैसला केवल अगली विधानसभा द्वारा तय किया जाएगा, क्योंकि 2028 में वहां सीट खाली होगी।
बीजेपी ने गुजरात विधानसभा में इस साल जबरदस्त जीत हासिल की है। गुजरात में राज्यसभा की 11 सीटें हैं। 2026 तक गुजरात के सभी 11 राज्यसभा सदस्य बीजेपी के होंगे। फिलहाल गुजरात से राज्यसभा में बीजेपी के 8 और कांग्रेस के 3 सदस्य हैं। अगले साल अगस्त में राज्यसभा में खाली हो रही 3 सीटों पर बीजेपी अपने सदस्य बनाएगी। अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव के आसपास राज्यसभा की सीटों में बड़ा परिवर्तन होगा। तब राज्यसभा की 56 सीटों के लिए मतदान होगा।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag