-
छत्तीसगढ़ राज्य में 77 लाख राशन कार्डों का होगा नवीनीकरण
रायपुर,। छत्तीगढ़ राज्य में 77 लाख राशन कार्डों का नवीनीकरण करने जिला कलेक्टर्स को निर्देश दिए गए हैं। अब नए मोबाइल एप से भी राशन कार्ड जुड़ जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राज्य में जारी सभी 77 लाख राशनकार्ड के नवीनीकरण के लिए अभियान शुरु कर दिया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियान 29 फरवरी को समाप्त होगा और इस संबंध में सभी जिला कलेक्टर को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। इस उद्देश्य के लिए राज्य के खाद्य विभाग द्वारा एक नया मोबाइल ऐप विकसित किया गया है।
राशनकार्ड धारक इस ऐप को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐप को खाद्य विभाग की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है। इसके साथ ही जिन लाभार्थियों के पास स्मार्टफोन नहीं है या जहां मोबाइल संपर्क नहीं वे राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए उचित मूल्य की दुकानों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे।
इस संबंध में खाद्य विभाग के निदेशक ने सभी जिलों के कलेक्टर को मुद्रण और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का उपयोग करने और उचित मूल्य की दुकानों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय स्तरों पर नवीनीकरण अभियान के बारे में पर्याप्त प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है। जिन इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या है, वहां पर नवीनीकरण में छूट देने की बात कही जा रही है। इसके अलावा कलेक्टर को निर्देश दिया गया है कि इस प्रक्रिया में बहुत बुजुर्ग और शारीरिक रूप से अक्षम लाभार्थियों को विशेष सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कहा कि अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित और दिव्यांग श्रेणी के राशन कार्ड धारकों के लिए नवीनीकरण की पूरी प्रक्रिया मुफ्त होगी जबकि सामान्य श्रेणी राशन कार्ड धारकों से 10 रुपये शुल्क वसूला जाएगा।
Comments About This News :
Submit A Comment
Subscription Successfully......!
Error Please Try Again & Check Your Connection......!