प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए एक हादसे पर दुख जताया है। शनिवार देर रात, ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस घटना के संबंध में मुआवजे की घोषणा की है।
रविवार (18 अक्टूबर) को PMO ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से कहा, "मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि जान गंवाने वालों के परिजनों को 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष' (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सड़क हादसे में लोगों की जान जाने की खबर दुखद है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
SSP ने क्या कहा
ग्वालियर के SSP धर्मवीर सिंह ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर जा रहे थे। छिनोर की ओर जाने वाली सड़क पर एक तीखी ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना-जाना प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि धान से लदा एक ट्रक पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ते हुए अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक ढलान से नीचे आया और मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया, जिसकी चपेट में सड़क पर मौजूद श्रद्धालु आ गए। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।