उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ला वारसी का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर निशाना साध रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के अकबरपुर लोकसभा में भाजपा नेताओं के बीच झड़प का मामला सामने आया है, जिसके बाद विपक्ष ने इस मुद्दे को उठाया है और सरकार पर कड़ा हमला बोला है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर इंस्टाग्राम पर लिखा, "डीसीएम साहब, पहले अपने लोगों पर ध्यान दीजिए, फिर दूसरों को ज्ञान दीजिए। पहले दो डीसीएम में एक ही 'दोपती सीएम' होता था, जिसे डांट पड़ती थी, अब दो हो गए हैं।"
दरअसल, हाल ही में कानपुर के अकबरपुर लोकसभा (कानपुर देहात) में एक राजनीतिक विवाद सामने आया। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने अपनी ही पार्टी के सांसद देवेंद्र सिंह भोले और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को फटकार लगाई।
विपक्ष ने सरकार पर बोला हमला
यह घटना तब हुई जब वारसी के एक कार्यकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई और पुलिस ने मंत्री व पूर्व सांसद का फोन तक नहीं उठाया। वारसी और प्रतिभा शुक्ला आधी रात को थाने पहुँचे, जहाँ उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई। वहीं, विपक्ष ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला है।
राज्यमंत्री क्यों कर रही थीं विरोध?
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अकबरपुर कोतवाली पुलिस पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
जब डिप्टी सीएम ने काट दिया फोन
पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी एक वीडियो में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से बात करते दिख रहे हैं। वीडियो में पूर्व सांसद अनिल वारसी डिप्टी सीएम पर भी निशाना साधते हैं और कहते हैं कि आप लोग सुरक्षा नहीं दे सकते। आपको ब्राह्मणों की रक्षा के लिए उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। इसकी डिप्टी सीएम ने आधी बात सुनने के बाद फोन काट दिया।