नई दिल्ली । ज्यादा रन-शतक हर बात में अव्वल ग्लेन मैक्सवेल का बल्ला खूब कमाल कर रहा है। उन्होंने आस्ट्रेलिया को जीत दिलाने के लिए कृष्णा की बालिंग के दौरान मैच की अंतिम गेंद पर चौका मारा। बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल ने वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ चोट के बाद भी नाबाद 201 रन की पारी खेली थी। 91 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद मैक्सवेल ने टीम को रोमांचक जीत दिलाई थी।
मैक्सवेल ने अब भारतीय टीम के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मैच में ताबड़तोड़ शतक जड़ा। मैच की अंतिम गेंद पर मैक्सवेल ने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर चौका जड़कर कंगारू टीम को यादगार जीत दिलाई। मैच में टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 3 विकेट पर 222 रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 57 गेंद पर नाबाद 123 रन की आक्रामक पारी खेली। लेकिन मैक्सवेल ने 48 गेंद पर नाबाद 108 रन बनाकर भारतीय टीम से जीत छीन ली। उन्होंने 8 चौके और 8 छक्के जड़े। यह उनका टी20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक है। वे रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक शतक लगाने वाले बैटर भी बन गए हैं।
गौरतलब है कि 35 साल के ग्लेन मैक्सवेल अब तक टीम इंडिया के खिलाफ 21 टी20 इंटरनेशनल के मैच खेल चुके हैं। 33 की औसत से उन्होंने 554 रन बनाए हैं। 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाया है। नाबाद 113 रन बेस्ट प्रदर्शन है। इस दौरान वे 32 चौके और 37 छक्के भी लगा चुके हैं। मैक्सवेल टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बैटर बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन के नाम था। पूरन ने 20 टी20 के मैच में भारत के खिलाफ 35 छक्के जड़े हैं। ग्लेन मैक्सवेल टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के खिलाफ दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बैटर बन गए है। उन्होंने 152 के स्ट्राइक रेट से 554 रन बनाए हैं। निकोलस पूरन पहले नंबर पर हैं।